न्यूज़ आपतक उत्तराखंड
देर सायं सीएम धामी ने सौंग नदी पुल के पुनर्निर्माण कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण,
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देर सायं रायपुर-थानो मार्ग पर आपदा से क्षतिग्रस्त सौंग नदी पुल के पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री श्री धामी ने क्षतिग्रस्त पुल को शीघ्रता के साथ आवागमन हेतु सुचारू रूप से संचालित किए जाने पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुल के स्थायी निर्माण में भी तेजी लाने को कहा। मुख्यमंत्री श्री धामी ने स्थानीय लोगों तथा आपदा पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी तथा उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदी के आसपास सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य किया जाएगा। साथ ही लोगों के घरों को हुए नुकसान आदि में और आवश्यक मदद राज्य सरकार द्वारा दी जाएगी। सरकार आपदा पीड़ितों के साथ खड़ी है। सभी संबंधित अधिकारी आपदा पीड़ितों की मदद के लिये तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं। दैवीय आपदा से होने वाले नुकसान को कम से कम किया जा सके इस दिशा में भी कार्य योजना तैयार की जा रही है। नदियों के किनारे तटबंध के साथ ही सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जायेगा। इसके लिये यदि नदियों का चैनलाइजेशन किया जाना जरूरी होगा तो वह भी किया जाएगा।

Author: News Aap Tak
Chief Editor News Aaptak Dehradun (Uttarakhand)