न्यूज़ आपतक उत्तराखंड
देहरादून: लुटेरी दुल्हन और उसका गिरोह
मजदूरी कर गुजर-बसर करने वाले युवक की मंगलवार को एक युवती से शादी हुई। दावत खत्म होने के बाद रात के वक्त सभी लोग सोने चले गए, सुबह नींद खुली तो दुल्हन गायब थी। सिर्फ दुल्हन ही नहीं शादी में उसे जो जेवर और सामान दिया गया था, वो नदारद था। लुटेरी दुल्हन ने घर में कुछ नहीं छोड़ा। पीड़ित परिवार ने अब पुलिस से मदद मांगी है। पीड़ित दूल्हे आकाश कुमार का परिवार झाझरा में रहता है। परिवार मजदूरी कर गुजर-बसर करता है। आकाश की बहन पूनम ने बताया कि क्षेत्र के एक पंडित ने उसके भाई का पिंकी नाम की लड़की से रिश्ता कराया था।,
सोमवार को पिंकी और उसके कथित बहन व जीजा आदि उनके घर आए। यहां आकाश को पिंकी और पिंकी को आकाश पसंद आ गए। मंगलवार को सुद्धोवाला के शिव मंदिर में दोनों परिवारों की मौजूदगी में आकाश और पिंकी की शादी हुई। हंसी-खुशी के माहौल में शादी की सारी रस्में संपन्न हुई, लेकिन ये खुशियां अगले दिन तक भी नहीं टिक सकीं। परिवार ने अपनी बहू पिंकी को चांदी का गले का सेट, पायल, कान के झुमके आदि भेंट किए थे। रात में सब खाना खाकर सो गए। सुबह जब आंख खुली तो पिंकी गायब थी। यही नहीं वो परिवार का सारा धन और जेवर भी अपने साथ ले गई। पीड़ित परिवार ने अब झाझरा चौकी में घटना की शिकायत की है। शादी कराने वाला पंडित भी गायब है। पुलिस लुटेरी दुल्हन और शादी कराने वाले पंडित की तलाश कर रही है।

Author: News Aap Tak
Chief Editor News Aaptak Dehradun (Uttarakhand)