न्यूज़ आपतक उत्तराखंड
उत्तरकाशी जिले के विकासखंड मोरी का प्रकरण आया सामने दुष्कर्म के बाद हत्या,
उत्तराखंड की शांत वादियों को ना जाने किसकी नजर लग गई। विकास की रफ्तार के साथ अपराध का ग्राफ भी तेजी से बढ़ रहा है। महिलाओं के लिए सुरक्षित राज्य माने जाने वाले उत्तराखंड में महिलाओं के साथ अपराधिक गतिविधियां तेजी से बढ़ी है। ताजा मामला सीमांत जिला उत्तरकाशी का है जहां मोरी क्षेत्र में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के हाथ बंधे हुए, बदन पर कपड़े नहीं और मुंह में कपड़ा ठूसा हुआ था। जब ग्रामीण महिला के घर होली खेलने पहुंचे तब इस बात का पता चला। ग्रामीणों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। घटना की जानकारी मिलने पर मोरी और टीम ने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी जिले के मोरी ब्लाक के आराकोट गांव में राधिका देवी (48) पत्नी अबल दास गांव में रहती थी। वर्ष 2018 की आपदा में घर बह जाने से वह पंचायत भवन में रहने लगी थी। महिला का पति पशु चिकित्सालय उत्तरकाशी में चतुर्थ श्रेणी का कर्मचारी है और वही दूसरी पत्नी के साथ रहता है। महिला की तीन बेटियां और एक बेटा है और सबकी शादी हो चुकी है। बेटियां ससुराल में और बेटा अपने परिवार के साथ कहीं बाहर रहता है। राधिका देवी मजदूरी कर अपना पालन-पोषण करती थी।
मोरी में महिला की हत्या
शुक्रवार को राधिका देवी जब घर से बाहर नहीं आई तो लोग होली मनाने वहीं पहुंचे, लेकिन वहां महिला मृत अवस्था में पड़ी हुई थी और हाथ-पैर बांधे तथा शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। महिला के मुंह में कपड़ा ठूसा हुआ था। इस खबर से पूरे गांव में सनसनी फ़ैल गई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी मोरी और समीप के त्यूणी थाने को दी। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। ग्रामीणों ने पुलिस का घेराव कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि 72 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह आराकोट-हिमाचल राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम करेंगे।

Author: News Aap Tak
Chief Editor News Aaptak Dehradun (Uttarakhand)