न्यूज़ आपतक श्रीनगर गढ़वाल,उत्तराखंड
श्रीनगर पौड़ी गढ़वाल में प्रियंका गांधी ने कहा भाजपा सरकार केवल अमीरों के लिए है।
श्रीनगर गढ़वाल श्रीनगर में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें केवल अमीरों के लिए ही होती हैं। देश के हवाई अड्डे, बंदरगाह, सरकारी बड़े उद्योग जैसी देशी की बहुमूल्य संपति भाजपा सरकार ने केवल दो लोगों को बेच दी हैं। परेशान युवा बेरोजगार है, किसान परेशान है। स्वास्थ्य सुविधाओं का भारी अभाव, भारी महंगाई और बेरोजगारी उत्तराखंड की सबसे बड़ी समस्या है जो पिछले पांच सालों में भाजपा सरकार ने जनता को दी हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों में हुनर है, प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है, यहां के युवा मेहनती भी हैं लेकिन सरकार की नीयत सही नहीं रही। जिससे छोटे-छोटे व्यवसाय भी बंद हो गए और मजबूरी में पहाड़ से पलायन होता रहा।
एनआइटी श्रीनगर के खेल मैदान में कांग्रेस की उत्तराखंडी स्वाभिमान रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि उनकी दादी इंदिरा गांधी ने ही पहाड़ में स्वास्थ्य असुविधाओं को देखते हुए श्रीकोट में बेस अस्पताल का निर्माण किया था। लेकिन आज 50 साल हो गए बेस अभी रेफरल अस्पताल ही बना हुआ है। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी से क्षेत्र की जनता परेशान है। कर्मठ और ईमानदार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और श्रीनगर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल को भारी बहुमत से जिताने की अपील जनता विशेषकर महिलाओं से करते हुए उन्होंने कहा कि अमीरों और उद्योगपतियों के लिए होने वाली रणनीति को बदल दें।
उत्तराखंड में पर्यटन पुलिस का अलग से किया जाएगा गठन
14 फरवरी को कांग्रेस को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही जनता की समस्याओं का समाधान तय समय सीमा में किया जाएगा। परम्पराओं, संस्कृति के साथ छेड़छाड़ नहीं होगी। पांच लाख रोजगार देने के साथ ही सरकार में रिक्त पड़े खाली पड़े पदों पर भी प्राथमिकता से नियुक्तियां दी जाएंगी। पर्यटन पुलिस का अलग से गठन किया जाएगा। ड्रोन की सहायता लेकर घर-घर गांव-गांव स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचायी जाएंगी। प्रदेश के पांच लाख निर्धन जरूरतमंद परिवारों को 40 हजार रुपये सालाना आर्थिक सहायता के साथ ही रसोई गैस सिलिंडर की कीमत 500 से अधिक नहीं होने देगी।
पुलिस में महिलाओं के लिए रखे जाएंगे 40 प्रतिशत पद आरक्षित
सभा में उपस्थित महिलाओं और लड़कियों की भारी कर्तल ध्वनि के बीच प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही पुलिस में महिलाओं के लिए 40 प्रतिशत पद आरक्षित रखे जाएंगे। महिलाओं के लिए बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा होगी। पूर्व सैनिकों के बच्चों की सुविधा और उनकी सुविधाओं को लेकर भी कांग्रेस सरकार कार्य करेगी। बढ़ती भारी महंगाई का बोझ महिलाएं ही सहन करती हैं। महंगाई से भी मुक्ति दिलाई जाएगी। सांप्रदायिकता, धर्म, जातिवाद फैलाकर भाजपा जनता को गुमराह करने की कोशिश करती है। सरकार ने पांच सालों में युवाओं को कोई रोजगार नहीं दिलाया। महंगाई बढ़ाते रहे क्या यही सरकार होती है।
केवल भाजपा नेताओं, उनके उद्योगपति दोस्तों का हो रहा विकास
भाजपा पर तीखे प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि देश में केवल भाजपा नेताओं, उनके उद्योगपति दोस्तों का ही विकास हो रहा है। लखीमपुर में छह किसानों को जीप से रोंदने वाले को आज जेल से रिहा किया जा रहा है। कोरोनाकाल में ट्रेन और बस बंद कर देने वाली केंद्र सरकार ने भारी पाप किया है। कोरोनाकाल में परेशान जनता सड़कों पर रही और सरकार के लोग बंगलों में ही रहे। उन्हें वोट नहीं देकर भाजपा को सबक सिखाई जाए।

Author: News Aap Tak
Chief Editor News Aaptak Dehradun (Uttarakhand)